BURNING NEWS✍️
साल 2015 के चर्चित बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में पूछताछ के लिए पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला आज जालंधर के पीएपी (PAP) कॉम्प्लेक्स में एसआईटी के सामने पेश होंगे।
विजय सांपला के साथ फरीदकोट के तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर (DC) मालविंदर सिंह जग्गी और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पूर्व ओएसडी गगनदीप सिंह बराड़ को भी समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
एसआईटी ने इस मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला को नोटिस जारी किया था। उन्हें भेजे गए आधिकारिक समन में कहा गया है कि वे इस मामले के तथ्यों और परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित प्रतीत होते हैं। इसी आधार पर एसआईटी ने उन्हें मामले से जुड़े अहम पहलुओं पर पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए जालंधर स्थित पीएपी कॉम्प्लेक्स में बुलाया है।
अधिकारियों का मानना है कि गोलीकांड और बेअदबी की घटनाओं के दौरान प्रशासनिक स्तर पर लिए गए फैसलों को लेकर तत्कालीन फरीदकोट डीसी मालविंदर सिंह जग्गी से भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
यह पूरी कवायद साल 2015 में थाना बाजाखाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों के तहत की जा रही है। ये मुकदमे 14 अक्टूबर 2015 और 21 अक्टूबर 2015 को दर्ज किए गए थे। बेअदबी की घटनाओं और इसके बाद बहबल कलां में हुए गोलीकांड ने पंजाब की राजनीति और सामाजिक ताने-बाने पर गहरा असर डाला था। अब एसआईटी इन प्रमुख लोगों से आमने-सामने पूछताछ कर मामले की गहराई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।