BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA जालंधर में मखदुमपुरा इलाके में चाकुओं से गोदकर कुछ दिन पहले लक्की ठाकुर की हत्या के बाद एक बार फिर से चाकुओं से हमला करके हत्या की गई है। मृतक अपने बेटे के साथ जा रहा था पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। जालंधर के बूटा मंडी इलाके में छुरी मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। मृतक के बेटे रोहनप्रीत के मुताबिक, वह शुक्रवार रात अपने पिता सतपाल के साथ एक्टिवा पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब उन्होंने यू-टर्न लिया, तभी आरोपी अजय ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। रोहनप्रीत ने बताया कि उसने शोर भी मचाया, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए जाने के कारण पिता सतपाल की मौके पर ही मौत हो गई। "परिवार के अनुसार, मृतक की अजय के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। आरोपी अजय बूटा मंडी में वेल्डिंग का काम करता है। परिजनों ने हमलावरों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के रूप में बताई है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि अजय नशे का आदी है और पहले भी कई लोगों पर हमले कर चुका है। इसके बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि इस घटना के दौरान उसके सांडू के बेटे पर भी किसी नुकीली चीज से हमला किया गया था। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन में सांस की नली को नुकसान पहुंचने और हालत गंभीर होने की बात सामने आई है।