जालंधर के दो सगे भाइयों की ग्रीस में सगे मामा ने की हत्या
परिवार ने कर्ज लेकर भेजा विदेश, मामा पर कत्ल का आरोप; 18 दिन बाद पहुंचे शव। जालंधर के शाहकोट स्थित गांव तलवंडी संघेड़ा के दो सगे भाइयों की ग्रीस में तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। घटना 3 नवंबर की है। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय दलजीत सिंह और 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है।हत्या का आरोप उनके दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह पर लगा है। वह युवकों का मामा है। आरोप है कि वह दोनों भाइयों को बेहतर भविष्य का झांसा देकर ग्रीस ले गया था। वारदात के करीब 18 दिन बाद शुक्रवार सुबह दोनों के शव अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे।मृतकों के पिता बूटा सिंह ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। उनके 3 बेटे हैं। करीब 8 महीने पहले जालंधर के गुमटाली निवासी दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने बड़े बेटे दलजीत को वर्क परमिट पर ग्रीस भेजने का प्रस्ताव दिया। परिवार ने कर्ज लेकर दलजीत को भेजा था। वहां पहुंचने के करीब 5 महीने बाद दलजीत ने अपने छोटे भाई गुरविंदर को भी ग्रीस बुला लिया। वह करीब 3 महीने पहले वहां पहुंचा था।ग्रीस में दोनों भाई एक पिग फार्म में काम करने लगे। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों की कमाई से घर की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। इसी बीच 3 नवंबर को संदीप सिंह ने कथित तौर पर दोनों भाइयों पर अलग-अलग जगह तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। पिता बूटा सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी ने वारदात का वीडियो भी बनाया था।दोनों भाइयों की हत्या के मामले में ग्रीस पुलिस ने संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, परिवार को आशंका है कि वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पिता बूटा सिंह, मां बलजिंदर कौर और बड़े भाई सुपिंदर सिंह ने केंद्र और पंजाब सरकार से मामले की गहन जांच करवाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है