BURNING NEWS✍️

पंजाब के लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर (29) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह 11 बजे उनका शव नीलो नहर में मिला। इंदर को 6 दिन पहले गन गनपॉइंट पर किडनैप किया गया था, जिसके बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश में जुटा हुआ था।

परिवार का कहना है कि मोगा का रहने वाला युवक युवती पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर वह कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया और इंदर का किडनैप कर लिया। आरोप है कि इसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी नेपाल के रास्ते ही वापस कनाडा भाग गया। भाई ने बताया दोनों की 5 साल पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। लेकिन जैसे ही इंदर को पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं, तो उसने शादी करने से मना कर दिया था। इसी बात से आरोपी नाराज था।

पुलिस ने इंदर के शव को नहर से बाहर निकलवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। इंदर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं। जबकि उसका एक भाई लुधियाना के जमालपुर में रहता है। आरोपी के पिता और दोस्त करमजीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है।

बाजार से घर का राशन-पानी लेने गई थी
सिंगर के भाई जोतइंदर सिंह ने कहा कि इंदर कौर 13 मई को रात करीब साढ़े 6 बजे अपनी सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार लेकर घर का राशन-पानी (ग्रॉसरी) लेने बाजार निकली थी। लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। जब बहन वापस नहीं आई तो परिवार वालों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की।

छानबीन के दौरान उन्हें पता चला कि यशइंदर की दोस्ती सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा नाम के एक व्यक्ति से थी, जो मूल रूप से मोगा का रहने वाला है। लेकिन अभी अपने परिवार के साथ कनाडा में रहता है।

कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब आया आरोपी
भाई ने कहा कि सुक्खा, यशइंदर कौर पर जबरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहा था और इस काम में सुक्खा के पिता प्रीतम सिंह भी उसका साथ दे रहे थे। दूसरी तरफ, यशइंदर को पता चल चुका था कि सुक्खा पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, इसलिए वह इस शादी के लिए साफ मना कर रही थी।