BURNING NEWS✍️

मोहाली की जिला अदालत द्वारा अकाली नेता बिक्रम मजीठिया की जमानत याचिका खारिज करने पर आम आदमी पार्टी ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा और कहा कि कोर्ट के फैसले से यह साबित हो गया कि विजिलेंस ने सबूतों के आधार पर कारवाई की थी। विपक्ष ने लोगों को गुमराह करने के लिए बेवजह इसे राजनीतिक मसला बनाया।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आप नेता दीपक बाली ने कहा कि अदालत द्वारा बिक्रम मजीठिया की जमानत याचिका खारिज करने से यह साफ हो गया है कि उनके वकील और पार्टी प्रवक्ता खासकर अर्शदीप कलेर इतने दिनों से लोगों को गुमराह कर रहे थे। अब उनको स्पष्टीकरण देना चाहिए कि याचिका क्यों खारिज हुई?

उन्होंने कहा कि अदालत तथ्यों और सबूतों के आधार पर फैसला करती है। कोर्ट की बहस में हर छोटी चीजों पर ध्यान दिया जाता है। आज अदालत ने पंजाब सरकार के वकीलों द्वारा दिए गए तथ्यों के आधार पर ही जमानत खारिज की है। इससे यह साबित हो गया है कि पंजाब विजिलेंस द्वारा तैयार किए गए सभी मामले सच हैं।

अब अकाली दल के नेताओं को भी सच स्वीकार कर लेना चाहिए और भ्रामक बातें बोलना बंद कर देना चाहिए। अब कानून अपना काम करेगा और आरोप के अनुसार सजा तय करेगा।

*आप नेता बलतेज पन्नू ने कहा* कि बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी के समय विपक्षी पार्टियों ने खूब हंगामा किया और कहा कि यह कारवाई राजनीतिक कारणों से की गई है। लेकिन अब सबको पता चल गया है कि अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद उनकी जमानत याचिका को खारिज किया है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि विजिलेंस के पास मामले से जुड़े पर्याप्त सबूत मौजूद थे।

पन्नू ने कहा कि अब विक्रम मजीठिया की तारीफ करने वाले लोगों को समझ जाना चाहिए कि सरकार ने किसी राजनीतिक मकसद से यह मामला दर्ज नहीं किया था बल्कि 2007 से 2017 के बीच उनके खिलाफ दर्ज मामले में पर्याप्त सबूत इकट्ठा करने के बाद विजिलेंस ने मजीठिया को गिरफ्तार किया था। आज यह साबित भी हो गया है।

*आप प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा* कि कई बार मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने बिक्रम मजीठिया की जमानत याचिका को खारिज किया है। इसका कारण यह है कि विजिलेंस ने मजीठिया के खिलाफ कार्रवाई के सबूत पुख्ता थे और जो जानकारी कोर्ट को दी गई वे सही पाए गए।

नील गर्ग ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब विजिलेंस ने यह कार्रवाई की थी तब सभी विपक्षी दलों के बड़े नेताओं ने, चाहे वह कांग्रेस हो, भाजपा हो या अकाली दल हो, हमपर खूब हमला बोला था कि आम आदमी पार्टी सरकार राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है। आज उन सभी लोगों को जवाब मिल गया है। आज दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। अब उन सभी नेताओं को कोर्ट के फैसले पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सरकार पंजाब से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम पंजाब से नशे का खात्मा कर के रहेंगे।