BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA

पंजाब के टांडा का इंस्पेक्टर फिरौती में विदेशी एजेंसियों ने नामज़द किया है । पंजाब पुलिस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक के सबसे गंभीर आरोपों में से एक सामने आया है। अमेरिका की प्रमुख जांच एजेंसी एफबीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) ने पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर और टांडा के तत्कालीन एसएचओ गुरिंदरजीत सिंह नागरा को एक अंतरराष्ट्रीय उगाही और धोखाधड़ी के मामले में संघीय अभियोग में नामजद किया है।

अमेरिकी न्याय विभाग ने इस मामले को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और स्थानीय भ्रष्टाचार के खतरनाक गठजोड़ का उदाहरण बताया है। विभाग का कहना है कि ऐसे नेटवर्क कानून व्यवस्था का दुरुपयोग कर विदेशों में बसे लोगों को डराकर भारी रकम वसूलने की कोशिश करते हैं।

यदि अदालत में ये आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह मामला केवल एक पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब पुलिस की छवि, जवाबदेही और संगठित अपराध के साथ कथित संबंधों पर भी गंभीर बहस छेड़ सकता है।

गैंगस्टर से सांठगांठ: अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, इंस्पेक्टर नागरा ने गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया के अपराध सिंडिकेट के साथ मिलकर काम किया और भारत में पुलिस प्रणाली का दुरुपयोग करके जबरन वसूली का यह जाल चलाया

टांडा थाना प्रभारी पुलिस लाइन भेजे गए, तथ्य जांच के आदेश

पंजाब पुलिस ने टांडा थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन, होशियारपुर स्थानांतरित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ कथित तौर पर अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई द्वारा ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत रंगदारी मामले में जांच किए जाने संबंधी खबरों और सोशल मीडिया पोस्टों का संज्ञान लेने के बाद की गई है।

डीआईजी जालंधर रेंज कार्यालय के अनुसार, मामले के तथ्यों की पुष्टि के लिए औपचारिक तथ्य जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जालंधर ग्रामीण आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है।