BURNING NEWS✍️
पंजाब में इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) के बाद अब सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) एक्शन में आ गई है। सोमवार को देर रात CBI की टीम ने मोहाली स्थित विजिलेंस ऑफिस में दबिश दी। इस दौरान विजिलेंस चीफ के रीडर को हिरासत में लिया गया।
सूत्रों से पता चला है कि मलोट स्थित कृष्णा कॉलोनी में राघव गोयल और विकास गोयल के घर पर टीम ने रेड की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला 25 लाख रुपए की रिश्वत मांगने से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, सीबीआई की तरफ से इस बारे में कोई जानकारी शेयर नहीं की गई। देर रात तक पुलिस की टीमें वहां जुटी रहीं।
CBI ने चंडीगढ़ के पांच सितारा होटल में छापेमारी की, जहां एक सीनियर विजिलेंस अधिकारी का रीडर और बिचौलिया राघव गोयल कथित तौर पर एक शिकायतकर्ता के साथ सौदा कर रहे थे। यह सौदा 25 लाख रुपये का था, लेकिन व्यक्ति 13 लाख रुपये लेकर आया, जिसे बरामद कर लिया गया। यह रेड विजिलेंस चीफ के रीडर ओ पी राणा पर 13 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोपों के बाद की गई. जांच एजेंसी ने बिचौलिए राघव गोयल के साथ सामने आई ऑडियो रिकॉर्डिंग को आधार बनाते हुए यह कार्रवाई की।
CBI के एक अधिकारी ने बताया है कि राघव गोयल को गिरफ्तार किया गया है। वह मुक्तसर के मलोट का निवासी है और विजिलेंस अधिकारी का करीबी बताया जाता है। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) के तहत रीडर ओपी राणा और राघव गोयल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।