पंजाब सरकार द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी कड़ी के तहत पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने जालंधर वेस्ट क्षेत्र में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नई गलियों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

इस विकास परियोजना के अंतर्गत वार्ड नंबर 55 में मेन बाजार बस्ती गुजां क्षेत्र में लगभग 9 लाख रुपये की लागत से गलियों का निर्माण करवाया जाएगा, जबकि वार्ड नंबर 59 के ओल्ड ग्रीन एवेन्यू क्षेत्र में करीब 30 लाख रुपये की लागत से गलियों का निर्माण कार्य किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने लंबे समय से इन गलियों के निर्माण की मांग की हुई थी, जिसे अब सरकार द्वारा पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर के हर वार्ड में सड़कें, गलियां, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाया जा रहा है ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जालंधर वेस्ट क्षेत्र के विकास के लिए लगातार नई योजनाएं तैयार की जा रही हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की रफ्तार इसी तरह जारी रहेगी। मंत्री भगत ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए।
इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए विकास कार्य शुरू करवाने पर उनका आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि गलियों की हालत काफी खराब हो चुकी थी, जिससे बरसात के दिनों में आने-जाने में भारी परेशानी होती थी, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू होने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रधान वरुण सज्जन, भारत भूषण काका, अमित सभ्रवाल, नीरज, कुलवंत सिंह, कमलजीत सिंह, विकास कुमार, एसडीओ हरप्रीत सिंह तथा जेई दविंदर कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।