BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
जालंधर के सुची पिंड इलाके में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक कार ड्राइवर पर चार राउंड गोलियां चलाईं। गोली कार ड्राइवर अनमोल की गर्दन को छूकर निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अनमोल लद्देवाली का निवासी है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल अनमोल की मां बलजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की इलाके के कुछ युवकों से पुरानी रंजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी कुछ दिनों से अनमोल की रेकी कर रहे थे। इसी वजह से अनमोल ने जिम जाने का समय शाम 6 बजे से बदलकर रात 9 बजे कर दिया था। बलजीत कौर के अनुसार, अनमोल रात करीब 10 बजे जिम से कार में घर लौट रहा था। जब वह सुची पिंड के पास पहुंचा, तो दो बाइक सवार युवकों ने उस पर पिस्तौल से गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बेटे को घेरकर की फायरिंग
परिवार ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले सुची पिंड में मनदीप की हत्या हुई थी, जिसमें बल्ली नामक व्यक्ति ने अनमोल पर झूठा मामला दर्ज कराया था। बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि बल्ली, बब्बू, मुकेश और गोली सहित कुछ अन्य अज्ञात युवकों ने उनके बेटे की गाड़ी का पीछा किया, उसे घेरा और फिर फायरिंग कर दी।