BURNING NEWS✍️
शिरोमणि अकाली दल के उपाध्यक्ष और फरीदकोट के हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को कनाडा में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते उन्हें टोरंटो एयरपोर्ट से ही भारत लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, वीरवार रात टोरंटो एयरपोर्ट पर कनाडाई अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए बंटी रोमाणा ने कहा कि उन्हें कनाडा में एंट्री नहीं दी गई, जिसके बाद वे वापस भारत लौट रहे हैं।
शिकायत में सीएम आवास घेराव का जिक्र
बंटी रोमाणा ने बताया कि कनाडा के इमिग्रेशन मंत्रालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास उनके खिलाफ एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में उनके खिलाफ दर्ज विभिन्न मामलों का उल्लेख किया गया जिनमें, सीएम आवास घेराव और नगर काउंसिल चुनावों से जुड़े मामले शामिल थे। साथ ही इन मामलों की अदालती सुनवाई का विवरण भी शिकायत में दिया गया था।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले राजनीतिक गतिविधियों और सरकार के खिलाफ किए गए प्रदर्शनों से जुड़े हैं। इनमें से कोई भी मामला आपराधिक किस्म का नहीं है। बंटी रोमाणा के अनुसार, शिकायत में यह भी दावा किया गया था कि वह कनाडा राजनीतिक दौरे पर पहुंचे थे, जिसकी कनाडाई नियमों के तहत अनुमति नहीं है। इसी शिकायत के आधार पर कनाडाई अधिकारियों ने उन्हें अपने देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी।
राजनीतिक विरोधियों को दबाने में जुटी है आप- बंटी रोमाणा
इस मामले में बंटी रोमाणा ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ यह शिकायत मनीला में बैठे एक व्यक्ति द्वारा की गई। यह कार्रवाई पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के इशारे पर करवाई गई है, क्योंकि प्रवासी भारतीय समुदाय से शिरोमणि अकाली दल को मिल रहे समर्थन से सरकार परेशान है।