: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने संगल सोहल इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा कर क्षेत्र के उद्योगपतियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार उद्योगों के विकास एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों की जायज़ समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर माहौल तैयार हो सके। बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने सड़क, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, बिजली आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि प्रत्येक समस्या का समाधान जल्द से जल्द कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी उद्योगपति को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करने दिया जाएगा। इस अवसर पर उद्योगपतियों ने भी कैबिनेट मंत्री का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। इस अवसर पर विपन महाजन, अभि महाजन, मनीष महाजन, अभिषेक महाजन, नवजीवन कुमार, कुणाल कुमार, विक्की कपूर, अंकित कपूर, मनमीत जी तथा जगजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य उद्योगपति उपस्थित रहे।