मंगलवार शाम वैष्णो देवी में भूस्खलन होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि यात्रा के हिमकोटी मार्ग पर देविद्वार के पास भूस्खलन हुआ। मिल रही खबरों के अनुसार, देवी द्वार पॉइंट के पास पहाड़ी से खिसककर मलबे ने यात्रा ट्रैक पर बने शैड के बड़े हिस्से को भी क्षतिग्रस्त किया है। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए पहले ही एहतियातन वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी थी। इसी वजह से उस समय यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही नहीं थी और किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देवी द्वार पॉइंट के पास पहाड़ी से अचानक मलबा खिसककर नीचे आया, जिसकी चपेट में यात्रा ट्रैक पर बना शेड का बड़ा हिस्सा आ गया। घटना के बाद संबंधित विभागों और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और हालात का जायजा लिया। प्रभावित मार्ग से मलबा हटाने और नुकसान का आकलन करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक मौसम और यात्रा संबंधी अपडेट जरूर देखें तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।