BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
अमृतसर में मंदिर पर ग्रेनेड से हमला करने वाले का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि, जल्द ही पुलिस इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी करेगी। बता दें कि, हमले की घटना खंडवाला इलाके में स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हमलावरों की पहचान शुरू की और उनकी तलाश में जुट गई। वीडियो में साफ देखा गया कि रात करीब 12:35 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक मंदिर के पास पहुंचे थे।
उनके हाथ में एक झंडा भी दिख रहा था और वे कुछ देर मंदिर के बाहर रुके। अचानक उन्होंने किसी चीज को मंदिर की ओर फेंका और वहां से भाग गए। बदमाशों के फरार होने के कुछ ही देर बाद मंदिर में जोरदार धमाका हो गया।
घटना के समय मंदिर में पुजारी सो रहे थे, हालांकि इस हमले में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। पुजारी ने बताया कि, इस हमले से मंदिर को काफी नुकसान हो गया है।
इस हमले को लेकर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह हमला पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा कराया गया हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन हमलों में भोले-भाले युवकों को गुमराह कर उकसाया जा रहा है। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया कि वे जल्दी ही आरोपियों को पकड़ लेंगे और शहर का माहौल खराब होने से रोकेंगे।